केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी दे दी है। सरकार को भरोसा है कि बिल संसद से पारित हो जाएगा। इस बीच सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व को फोन करके बताया कि एनसीपी-एसपी को एकजुट रखने के लिए बिल को समर्थन देना जरूरी हो गया है। एनसीपी-एसपी अभी विपक्षी गठबंधन इंडिया अलायंस का हिस्सा है।
पिछले अप्रैल में जब यह बिल संसद से पारित नहीं हो सका था, तब एनसीपी-एसपी विपक्ष के साथ थी। कुछ समय से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने रुख में बदलाव के संकेत दिए थे। उनका कहना है कि बिल पेश होने पर उसके मसौटे को पढ़ने के बाद ही समर्थन या विरोध का फैसला होगा। इसे इस बात का संकेत माना जा रहा है कि एनसीपी-एसपी बिल का विरोध नहीं कर रही है और एनडीए की मदद कर सकती है। वहीं, शरद पवार से अस्पताल में मुलाकात के बाद पार्टी नेता जितेंद्र आह्वाड ने खुलकर कहा कि उनकी पार्टी बिल को समर्थन देने जा रही है। इसके तुरंत बाद सुप्रिया सुले ने सफाई दी कि मसौदा पढ़ने के बाद ही फैसला होगा।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद टीवीके और कांग्रेस के सरकार बनाने से डीएमके नाराज हो गई। उसने इंडिया अलायंस से दूरी बना ली है और अब डिलिमिटेशन बिल के मुद्दे पर विपक्ष का साथ छोड़ने का मन बना लिया है। आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि स्टालिन की पार्टी बिल को समर्थन कर सकती है। डीएमके की मांग हर राज्य में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने की है, जिसे मोदी सरकार ने मान लिया है।
केंद्रीय कैबिनेट की शुक्रवार को हुई अहम बैठक में डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी दे दी गई है। इसमें संशोधन करके लिखित में दिया गया है कि हर राज्य में 50 फीसदी सीटों में इजाफा होगा।
