बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 अक्तूबर को अपने देश लौटने की घोषणा की है। यह तारीख बांग्लादेश के लिए इसलिए अहम है, क्योंकि इसी दिन विजय दिवस की 55वीं वर्षगांठ है। बांग्लादेश इसी दिन पाकिस्तान से अलग हुआ था, जिसके लिए 9 महीने तक युद्ध चला था।
5 अगस्त 2024 से शेख हसीना भारत में रह रही हैं। इससे पहले वह करीब 15 वर्षों तक बांग्लादेश की सत्ता में रहीं। एक हिंसक छात्र आंदोलन के बाद उन्हें देश छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। वह 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश की वायु सेना के एक विमान से उत्तर प्रदेश के हिंडन एयर फोर्स स्टेशन पहुंची थीं। तब से वह दिल्ली में किसी सुरक्षित आवास पर रह रही हैं और अभी तक उनके सटीक ठिकाने का खुलासा नहीं किया गया है।
सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई थी कि वह नई दिल्ली के लुटियंस बंगला जोन में सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए एक सरकारी बंगले में रह रही हैं, जहां उन्हें कड़ी सुरक्षा दी गई है। उनके आवास की सुरक्षा में चौबीसों घंटे सुरक्षा बल के जवान तैनात रहते हैं और सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी तैनात रहते हैं। भारत में रहते हुए उन्होंने इंटरव्यू दिए हैं और कई मौकों पर उनके बयान सामने आए हैं। जून में एक रिपोर्ट में उनके साथ हुई बातचीत के हवाले से कहा गया था कि वह इस साल बांग्लादेश लौटेंगी। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी पार्टी अवामी लीग केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक शक्ति है।
शेख हसीना ने कहा था कि उन्हें मौत से डर नहीं लगता। उन्होंने कहा कि 1975 में उन्होंने अपने माता-पिता, भाइयों और लगभग अपने पूरे परिवार को खो दिया था और 21 अगस्त को ग्रेनेड से हमला करके उनकी जान लेने की कोशिश की गई थी। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ कई साजिशें रची गईं, लेकिन वह हर साजिश को तोड़ते हुए बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़ी रहीं। जनता के वोटों से उन्हें पांच बार प्रधानमंत्री चुना गया और उन्होंने देश के अभूतपूर्व विकास के लिए काम किया।
शेख हसीना को भारत में शरण देने के फैसले की बांग्लादेश ने आलोचना की थी, जिसके बाद दोनों देशों के संबंध काफी बिगड़ गए थे। बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम ने हाल ही में कहा था कि उनके देश ने भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है और उनके लौटते ही गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी। बांग्लादेश के एक अदालत ने शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई है, जिसे उन्होंने राजनीति से प्रेरित बताया था। अगस्त 2026 में उन्होंने नई दिल्ली में 'फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया' द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को ऑडियो लिंक के जरिए संबोधित किया था। उनके बेटे साजीब वाजेद जॉय भी इस बातचीत में दूर से ही शामिल हुए थे।
