मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम में रूस के साइबेरिया क्षेत्र से आए पर्यटकों ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद इन विदेशी मेहमानों ने संतों का वेश धारण कर भारतीय परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा जताई।

साइबेरिया के बरनौल शहर से आए एलेना रेडियूगीना, पावेल पुगाच, एंटोन मुराउसकास, सोफिया मुराउसकेने, ओल्गा पुगाच, वादिम बोइको, सर्गेई माल्त्सेव, अलेक्सी डोब्रोवोल्स्की, एल्डार सैनिन और अन्ना सेलिवानोवा ने भारत यात्रा के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यहां की संस्कृति, मंदिरों की परंपराएं और आध्यात्मिक वातावरण उन्हें विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। विभिन्न मंदिरों के दर्शन के दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति की विविधता और आध्यात्मिकता को नजदीक से महसूस किया। संतों का वेश धारण करना उनके लिए अनूठा और आनंददायी अनुभव रहा।

विदेशी मेहमानों के साथ दिल्ली निवासी शिवम गुप्ता भी मौजूद थे, जिन्होंने भाषा संबंधी संवाद में सहायता कर श्रद्धालुओं और आश्रम के लोगों के बीच समन्वय स्थापित किया। श्री शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने उन्हें अंग्रेजी में प्रकाशित शुकतीर्थ के इतिहास का ग्रंथ भेंट किया। उन्होंने सभी को आशीर्वाद दिया और प्रसाद वितरित किया।

आश्रम में मिले आत्मीय स्वागत से अभिभूत मेहमानों ने आभार व्यक्त किया।