सोनपुर मेले की रौनक अब डिजिटल दुनिया में भी दिखेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह के बाद मेले की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और चैटबॉट का लोकार्पण किया। इस पहल से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को घर बैठे मेले से जुड़ी जानकारियां मिल सकेंगी। वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर मेले के कार्यक्रमों, आयोजनों और उपलब्ध सुविधाओं का विवरण रहेगा, जबकि चैटबॉट के माध्यम से भी लोग जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे पर्यटकों को मेले की गतिविधियों की जानकारी जुटाने में सहूलियत होगी और मेले के प्रचार-प्रसार को वैश्विक स्तर पर भी विस्तार मिलेगा।

संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। हरिहरनाथ की नगरी सोनपुर में मेले की हर गतिविधि और आयोजन की जानकारी अब देश-दुनिया तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेले का विधिवत उद्घाटन किया और इसके बाद आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप तथा चैटबॉट लॉन्च किए।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री के आगमन से हुई। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के बाद अतिथियों का पौधा, शॉल और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह आगे बढ़ा और एसएसबी बैंड की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मेले के उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर बिहार सहित पूरे हरिहर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद मुख्य मंच पर गजग्राह नृत्य और सारण आइडल 2025 रौनक रतन की गायन प्रस्तुति निर्धारित थी। समारोह का समापन बिहार राज्य गीत के साथ हुआ।