तमिलनाडु के मदुरै जिले में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम त्योहार के दौरान विवादित दीपस्तंभ पर पारंपरिक दीया जलाने की सुप्रीम कोर्ट ने अनुमति दे दी है। कोर्ट ने 20 नवंबर को दिए अंतरिम आदेश में कहा कि 24 नवंबर को यह दीया जलाया जा सकता है। यह अनुमति केवल सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और सरकारी अधिकारियों की ओर से अधिकृत लोगों को होगी। कोर्ट ने यह अनुमति एक बार के लिए दी है और सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम करने के निर्देश भी दिए हैं।
यह पहाड़ी हिंदू, जैन और मुस्लिम धर्मों से जुड़ी है। पहाड़ी के नीचे सुब्रमण्यम स्वामी का प्राचीन गुफा मंदिर है, जबकि चोटी पर सूफी संत सिकंदर बधुशा की कब्र है, जहां बाद में दरगाह बनाई गई। जैन धर्म से जुड़ाव के कारण इसे 'समनार पहाड़ी' भी कहा जाता है। दीपस्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस पहाड़ी को लेकर कानूनी विवाद 1920 में शुरू हुआ था, जब मंदिर प्रबंधन ने पूरी पहाड़ी पर मालिकाना हक का दावा करते हुए अदालत में मुकदमा दायर किया। 1923 में निचली अदालत ने पहाड़ी के अलग-अलग हिस्सों पर दोनों पक्षों के अधिकार तय किए।
इस साल जून में तमिलनाडु सरकार ने हाई कोर्ट की दो जजों वाली पीठ के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। दरगाह के अधिकारियों और अन्य पक्षों ने भी याचिकाएं दायर कीं। तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि अगर दरगाह के पास बने इस पत्थर के खंभे पर दीया जलाने की अनुमति दी जाती है, तो देशभर में मौजूद हजारों सर्वे खंभों को भी धार्मिक स्थल के रूप में पेश किया जा सकता है।
1994 में कुछ लोगों ने पहाड़ी की चोटी पर कार्तिगई दीपम जलाने की कोशिश की थी, जिसके बाद 1996 में हाई कोर्ट ने आदेश दिया कि दीया पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास अलग जगह जलाया जाए। उस जगह को दरगाह, सीढ़ियों और नेल्लीथोप इलाके से कम से कम 15 मीटर दूर होने की शर्त रखी गई थी। 2021 में दरगाह पर लकड़ी के झंडे की जगह लोहे का झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था, और 2025 की शुरुआत में पहाड़ी की चोटी पर जानवरों की बलि देने की कोशिश को लेकर नया विवाद खड़ा हुआ, जिस पर तीन जजों की पीठ ने रोक लगा दी थी।
