सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें CBI और ED को राहुल गांधी की संपत्ति की जांच के निर्देश दिए गए थे। CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने मामला नए सिरे से सुनवाई के लिए हाईकोर्ट भेज दिया है। हाईकोर्ट अब राहुल गांधी को पक्ष बनाकर उनका पक्ष सुनने के बाद फैसला करेगा।

मई में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने BJP कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की शिकायत पर CBI और ED को आरोपों की जांच के निर्देश दिए थे। शिशिर ने राहुल गांधी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ जांच की मांग की थी। राहुल गांधी ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि याचिकाकर्ता का इस मामले में कोई अधिकार नहीं है और उसने अपनी पहचान या योग्यता भी नहीं बताई है।

17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि हाईकोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ आदेश देने से पहले उनका पक्ष नहीं सुना। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की कार्यवाही टालने का आदेश दिया था। उस सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूछा था कि राहुल गांधी को सुनवाई का मौका दिए बिना हाईकोर्ट ने मामले में आदेश क्यों दिए। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के सभी आदेश रद्द कर दिए। राहुल गांधी की ओर से सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल पेश हुए।

भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर ने 25 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दाखिल की थी, जिसमें राहुल गांधी की संपत्ति की जांच CBI और ED से कराने की मांग की गई थी। याचिका में CBI निदेशक, ED निदेशक, CBDT चेयरमैन, SFIO निदेशक, गृह मंत्रालय, राजस्व विभाग, कार्मिक विभाग (DoPT) और कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय समेत 10 केंद्रीय एजेंसियों को पक्षकार बनाया गया था। CBI विग्नेश से अब तक करीब 13 घंटे पूछताछ कर चुकी है। विग्नेश के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उन्होंने भारत और विदेश से जुड़े कथित लेन-देन, विदेश यात्राओं और अन्य आरोपों से संबंधित जानकारी और दस्तावेज जांच अधिकारी को उपलब्ध कराए।