सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि बिना उचित कारण के लंबित चुनावों को टालना नहीं चाहिए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि वह कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगाने के पक्ष में है, जिसमें वार्ड परिसीमन का फैसला होने तक कोलकाता नगर निगम के चुनाव टाल दिए गए थे। पीठ ने सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता से 30 नवंबर तक इस मुद्दे पर निर्देश लेकर आने को कहा।

कोलकाता नगर निगम ने अगले निकाय चुनाव से पहले वार्डों की सीमाओं में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके तहत वार्डों की संख्या मौजूदा 144 से बढ़कर 209 हो सकती है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव की अधिसूचना जारी करने से तब तक रोक दिया था, जब तक एकल पीठ परिसीमन से जुड़ी याचिका पर फैसला नहीं कर देती।

पीठ ने कहा कि एकल न्यायाधीश के सामने लंबित रिट याचिका खंडपीठ के पास भेजने का निर्देश दिया जाएगा और जब तक खंडपीठ इस पर विचार नहीं कर लेती, तब तक चुनाव रोके जा सकते हैं। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि लंबित चुनावों को बिना उचित कारण के टालना नहीं चाहिए। हाईकोर्ट की खंडपीठ ने राज्य निर्वाचन आयोग को निर्देश दिया था कि एकल पीठ के सामने लंबित याचिका का निपटारा होने तक कोलकाता नगर निगम के चुनाव की अधिसूचना जारी न की जाए।

परिसीमन प्रक्रिया को चुनौती देते हुए माकपा के पूर्व पार्षद दीपू दास ने अदालत से वार्डों की संख्या तय करने की पूरी प्रक्रिया को अमान्य घोषित करने का आग्रह किया था। उन्होंने 11 सितंबर की उस राजपत्र अधिसूचना को रद्द करने की भी मांग की थी, जिसमें वार्डों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया गया था। दास ने आरोप लगाया कि परिसीमन वास्तविक आबादी के बजाय मतदाता सूचियों के आधार पर किया गया, जिससे बड़ी संख्या में निवासी बाहर हो गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि नगर निगम में कोई निर्वाचित परिषद नहीं थी और सदन भंग होने के बाद पूर्व अध्यक्ष स्मिता पांडे को प्रशासक नियुक्त किया गया था। सदन 8 जून को भंग हुआ था। 29 अक्तूबर को एकल पीठ ने अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद दीपू दास ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।