राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले की पिछली सुनवाई 15 अक्टूबर को हुई थी, जिसमें कोर्ट ने राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं को नोटिस जारी किया था। सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा था कि कोई भी कोर्ट को डरा-धमकाकर दबाव में नहीं ला सकता और ऐसी कोशिशें बेकार हैं। उन्होंने कहा था कि कोर्ट को पता है कि उसके बाहर और अंदर क्या कहा जा रहा है और वह किसी काल्पनिक दुनिया में नहीं जी रहा।

सुप्रीम कोर्ट मार्च के खिलाफ 4 वकीलों ने याचिका दाखिल की है। बताया जाता है कि CJI ने ज्ञापन लेने से मना किया था, जिसके बाद विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट मार्च निकाला। 11 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने CJI सूर्यकांत को पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था, जिसे CJI ने मना कर दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, खड़गे और अन्य विपक्षी सांसद 12 अक्टूबर की शाम अचानक सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंच गए। इससे पहले सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था और फिर कोर्ट के अंदर जाकर SIR के खिलाफ याचिका दाखिल की।

इस बीच विपक्ष के निशाने पर चुनाव आयोग है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आपत्ति जताई। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आयुक्तों ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने और बहाल करने की प्रक्रिया के साथ चुनावी डेटा और सॉफ्टवेयर से जुड़े मामलों पर सवाल उठाए।

एक मामले में फॉर्म-6 में SIR से जुड़ा सवाल जोड़ने पर भी दोनों चुनाव आयुक्तों ने आपत्ति जताई थी। इसके अलावा दोनों ने चुनावी डेटा और सॉफ्टवेयर तक पहुंच को लेकर कैबिनेट सचिव को पत्र लिखा था, जबकि काम के बंटवारे से जुड़े एक आदेश को भी उन्होंने नियमों का उल्लंघन बताया था।