सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि वह मदुरै जिले में तिरुपरमकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून में पारंपरिक कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने के मामले में दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई करेगा और राज्य सरकार की स्थिति रिपोर्ट का अवलोकन करेगा। इस बीच तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी है। मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ को बताया कि मंदिर प्रशासन ने स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों का हवाला देते हुए स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी, इसलिए दीप केवल पारंपरिक स्थान पर ही जलाया गया। कलेक्टर ने हलफनामा दाखिल कर कहा कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने की पूरी कोशिश की और इसके लिए अदालत से माफी मांगी।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने स्तर पर अवमानना की कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया, लेकिन संबंधित पक्षों को अवमानना याचिका दाखिल करने की छूट दी। पीठ ने कहा कि याचिका दाखिल होने के बाद जरूरत पड़ने पर उचित आदेश पारित किया जाएगा। वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार ने अदालत को बताया कि अवमानना याचिका जल्द दाखिल की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक बार के उपाय के तौर पर मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत छोटी टीम को 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी और जिला कलेक्टर को व्यवस्थाओं की निगरानी तथा उत्सव के तीन दिन के भीतर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। इससे कुछ घंटे पहले मंगलवार को मद्रास हाईकोर्ट ने पांच याचिकाओं का निपटारा करते हुए जिला कलेक्टर के उस आश्वासन को दर्ज किया था, जिसमें उन्होंने राज्य अधिकारियों के निर्देश पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने की बात कही थी। हाईकोर्ट ने यह भी कहा था कि तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती आयुक्त की ओर से दाखिल समीक्षा याचिका लंबित होना आदेश का पालन नहीं करने का आधार नहीं हो सकता।

मंदिर प्रशासन का कहना था कि ट्रस्टियों ने सर्वसम्मति से मंदिर की स्थापित परंपराओं का पालन करने का फैसला किया है और इन परंपराओं के अनुसार दीप उचिपिल्लैयार मंदिर में जलाया जाना चाहिए, न कि दीपथून पर। प्रशासन ने दीपथून को ब्रिटिश काल में स्थापित एक सर्वेक्षण पत्थर बताया। हिंदू श्रद्धालुओं ने अदालत में आरोप लगाया कि दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जानबूझकर उल्लंघन किया गया और इस तरह कानून का पूरी तरह उल्लंघन हुआ। तमिलनाडु में सीएम विजय थलपति के नेतृत्व वाली टीवीके की सरकार है। श्रद्धालुओं ने यह सुझाव भी दिया कि जहां दीप जलाया गया था, वहां से लौ लेकर विवादित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर स्थापित की जाए, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने उनसे आवेदन दाखिल करने को कहा। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के वकील ने पीठ को बताया कि उन्हें मामले में हुए घटनाक्रम का विवरण देते हुए स्थिति रिपोर्ट दाखिल करनी है। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने इस घटनाक्रम को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर 2026 को कार्तिगई दीपम जलाया गया था, लेकिन दीप को विवादित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर जलाने के बजाय पारंपरिक उची पिल्लैयार दीप मंडपम में जलाया गया। यह वही दीपथून स्तंभ है, जो दरगाह के पास स्थित है और दीप जलाने को लेकर विवाद का केंद्र बना हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को एक बार के उपाय के तौर पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति देते हुए मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ के निष्कर्षों पर रोक लगाई थी, इसके बावजूद दीप कहां जलाया गया, इसे लेकर विवाद बना हुआ है।