तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रंगारेड्डी जिले की मोइनाबाद नगर पालिका में तैनात टाउन प्लानिंग अधिकारी गुंडू वाणी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। अधिकारी फिलहाल रिश्वतखोरी के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक जांच में सामने आया है कि महिला अधिकारी ने भ्रष्ट तरीके अपनाकर लगभग 6.76 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाई।
एसीबी के मुताबिक वाणी पहली बार बीते सितंबर में एजेंसी के रडार पर आई थीं। तब उन पर मोइनाबाद नगर पालिका कार्यालय में काम करते हुए एक पंचायत सचिव के जरिए कथित तौर पर 75,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने का आरोप लगा था, जिसके बाद एसीबी ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ा था।
जांच के दौरान 16 नवंबर को एजेंसी ने वाणी के घर और दफ्तर समेत उनके कई रिश्तेदारों और दोस्तों के ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। 8 ठिकानों पर हुई इस तलाशी में उनके पास कई चल और अचल संपत्तियां मिलीं, जो उनकी आय के हिसाब से काफी अधिक बताई गई हैं।
एसीबी के अनुसार तलाशी में महबूबनगर जिले में 283.11 गज और जनगांव जिले में 424 गज के दो प्लॉट मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 87.67 लाख रुपये है। अधिकारी के पास कथित तौर पर 63 लाख रुपये का आलीशान फ्लैट और करीब 2.45 करोड़ रुपये की कीमत का तीन मंजिला घर भी मिला है। इसके अलावा 5.47 लाख रुपये नकद, बैंक खातों में 7.97 लाख रुपये जमा, महबूबनगर स्थित 'तुलजा भवानी वाइन्स' में 50 लाख रुपये का निवेश और 1.30 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर होने की बात भी सामने आई है। तलाशी में करीब 175.1 ग्राम सोने के गहने, 5.10 लाख रुपये मूल्य के बेशकीमती सामान और 50 लाख रुपये की एक गाड़ी भी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
