प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज होगी। बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा हो सकती है। सत्र में पेश होने वाले बिलों को मंजूरी दिए जाने और कई योजनाओं के प्रस्तावों पर भी सहमति बन सकती है।
इससे पहले 18 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक भारत मंडपम में हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गृह और वित्त मंत्रालय समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने बैठक में प्रेजेंटेशन दिया था। बैठक में गरीबी कम करने के लिए सरकार की योजनाओं की तारीफ की गई थी।
बैठक में विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी जिक्र हुआ था। इसके मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान अत्यधिक गरीबी की दर में 90% की कमी दर्ज की गई। बैठक में विकसित भारत के मिशन पर फोकस किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा था कि भारत की संस्कृति 'खाओ पियो और मौज करो' वाली नहीं है। उन्होंने चिंता जताई कि गरीबी से बाहर निकले कई लोग गलत तरीके से पैसे खर्च करने के कारण दोबारा गरीबी में जा सकते हैं।
