कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोइली ने दावा किया है कि कांग्रेस सरकार के दौरान गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चल रही जांच रोक दी गई थी। उन्होंने कहा कि यह फैसला तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की वजह से नहीं, बल्कि पार्टी के अन्य नेताओं के कहने पर हुआ था। मोइली के मुताबिक पार्टी अब इस फैसले की कीमत चुका रही है।

मोइली ने यह नहीं बताया कि जांच किस मामले में रोकी गई थी और न ही उन नेताओं के नाम बताए जिन्होंने जांच रुकवाई। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि यह सब तब हुआ था, जब वह केंद्रीय कानून मंत्री थे। मोइली के इस बयान पर भाजपा ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

मोइली ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ी जांच का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह के जेल जाने के बाद नरेंद्र मोदी की बारी थी और मोदी को भी जेल जाना पड़ता तथा उन्हें राज्य से बाहर निकाल दिया जाता। मोइली ने कहा कि कोर्ट ने शाह को उनके गृह राज्य से बाहर निकाल दिया था और केस भी दूसरे राज्य में ट्रांसफर कर दिया था।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में कारोबार शुरू करने वाली कंपनियों को स्थानीय युवाओं को रोजगार देना होगा। उन्होंने साफ किया कि उनकी सरकार बाहर के लोगों को नौकरी पर रखने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेगी।