उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पिछले सप्ताह AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने की घोषणा की थी। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है, और दोनों दलों ने राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस गठबंधन को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए सीधी चुनौती माना जा रहा है।
इस बीच अभिजीत दीपके के पुराने साथी रहे विजेता दहिया ने सोशल मीडिया पर इस गठबंधन का समर्थन किया है। विजेता दहिया कभी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता और बड़े चेहरे थे, और नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान उनकी बर्गर वाली वीडियो को लेकर हुए हंगामे को लेकर भी चर्चित रहे हैं। अब वे सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणियों से चर्चा में रहते हैं।
सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट करते हुए विजेता दहिया ने चंद्रशेखर आजाद को भाजपा की 'बी टीम' कहे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में चुनाव हुए तो मुकाबला आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच था, कांग्रेस का कोई चांस नहीं था, फिर भी उसने चुनाव लड़ा और शून्य सीट आने के बावजूद कई सीटों पर वोट काटे। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि AIMIM के बारे में कहा गया था कि वह वोट काटेगी, लेकिन अंत में कांग्रेस ने 6 और AIMIM ने 5 सीटें जीतीं।
विजेता दहिया ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद से कई बार सीट शेयरिंग का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन तब कोई दल आगे नहीं आया। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल दलितों और मुस्लिमों को अपना वोट बैंक मानते हैं, लेकिन उनके लिए आवाज नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि अगर इन पार्टियों को सच में इन वर्गों का वोट चाहिए तो उनके लिए आवाज उठानी होगी।
