कोहरे के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर गति सीमा घटाने पर विचार किया जा रहा है। यीडा ने एक्सप्रेसवे का संचालन कर रही कंपनी जेपी इंफ्राटेक से कोहरे की स्थिति और वाहन संचालन में आ रही दिक्कतों पर रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने कोहरे में दृश्यता कम होने से होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए सभी एक्सप्रेसवे पर गति सीमा कम कर दी है। हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किमी प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 60 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। दूसरे एक्सप्रेसवे पर यह बदलाव किए जाने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर भी गति सीमा घटाने पर विचार हो रहा है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर हर साल 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक गति सीमा कम की जाती है। इसके अलावा हादसों की रोकथाम के लिए टोल प्लाजा पर पंफ्लेट बांटे जाते हैं और चालकों को जागरूक करने का अभियान चलाया जाता है।
यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि 165 किमी लंबे एक्सप्रेसवे पर कोहरे की स्थिति और वाहन संचालन में आ रही दिक्कतों पर कंपनी से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद उसके अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
