उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी कुछ समय से बीमार थीं। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के पंचुर यमकेश्वर स्थित आवास पर सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। वह अपने छोटे बेटे के साथ योगी के पैतृक गांव में रहती थीं।
मां के निधन की खबर मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कर्तव्य पर डटे रहे। गोरखपुर में टैबलेट वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राएं उनका इंतजार कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, सीएम को दुखद समाचार मिल चुका था, लेकिन उन्होंने अपना दर्द दबाकर बच्चों को खुशी बांटने का फैसला किया।
कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटे और यूपी के विकास पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने चेहरे पर गम का कोई भाव नहीं आने दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से हाथ में टैबलेट लेकर खुशी जताने को कहा और उनके साथ सेल्फी भी ली।
बता दें कि युवावस्था में ही संन्यास की राह चुनने वाले योगी आदित्यनाथ लंबे समय तक परिवार से दूर रहे, लेकिन मां से उनका विशेष लगाव रहा। इसी साल जून में सावित्री देवी के ऋषिकेश एम्स में भर्ती होने पर सीएम उनसे मिलने पहुंचे थे। 2022 में भी करीब पांच साल बाद घर पहुंचने पर उनकी मां से मुलाकात चर्चित रही थी।
