उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड में निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली।

निधन पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन की खबर अति-दुखद है। उन्होंने परिवार सहित सभी रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और कहा कि ईश्वर उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माताजी का स्वर्गवास अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। मां का दुनिया से जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने दुख की इस घड़ी में मुख्यमंत्री जी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं जताईं।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और सान्निध्य जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और मां का जाना अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दुख की इस कठिन घड़ी में मुख्यमंत्री जी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।