अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की चीन यात्रा के समापन पर एक असामान्य घटनाक्रम सामने आया। गुरुवार को शेनजेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एयर फोर्स वन के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विमान में सवार सभी पत्रकारों के मोबाइल फोन जमा करा लिए। एक रिपोर्टर के अनुसार, पत्रकारों को इसकी पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी और अपनी सीटों पर बैठने के बाद ही उन्हें इस व्यवस्था के बारे में पता चला। पत्रकारों को बताया गया कि उनके फोन कुछ समय के लिए लिए जा रहे हैं।
एक संवाददाता ने सोशल साइट एक्स पर इस कदम को बेहद असामान्य बताया। एक अन्य संवाददाता ने विमान की मंजिल को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि फोन लिए जाने से यह संदेह पैदा होता है कि एयर फोर्स वन शायद सीधे अपने देश नहीं जा रहा है। खबरों के मुताबिक, शेनजेन से रवाना होने से ठीक पहले व्हाइट हाउस के कर्मचारियों ने चीन सरकार द्वारा जारी किए गए पहचान पत्र, प्रतिनिधिमंडल के पिन और अस्थायी फोन विमान की सीढ़ियों के पास ही छोड़ दिए। अधिकारियों को आशंका थी कि सुरक्षा और जासूसी के लिहाज से इन उपकरणों या सामग्रियों के साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप की एशिया यात्रा के दौरान उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से उनकी संभावित मुलाकात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। वाशिंगटन से रवाना होने से पहले ट्रंप ने संकेत दिया था कि चीन में किम से मुलाकात हो सकती है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि इसका फैसला चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग पर निर्भर करेगा। एपीईसी मंच से उत्तर कोरिया की गैर-मौजूदगी के बीच शेनजेन में दोनों नेताओं की कोई मुलाकात नहीं हुई। अब फोन जब्त होने के बाद इस बात की चर्चा तेज है कि क्या ट्रंप किसी गोपनीय राजनयिक मिशन या किसी अन्य देश के अचानक दौरे पर निकल पड़े हैं।
इससे पहले शेनजेन में त्रिपक्षीय बैठकों के दौरान भी अमेरिकी पत्रकारों को सख्त पाबंदियों का सामना करना पड़ा था। रिपोर्ट के अनुसार, रूसी अधिकारियों ने दो पत्रकारों को राष्ट्रपति पुतिन और ट्रंप की अनौपचारिक बैठक में जाने से रोक दिया, जबकि चीनी अधिकारियों ने एक पत्रकार को त्रिपक्षीय बैठक से बाहर कर दिया, क्योंकि उन्होंने एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग से जुड़ा एक सवाल जोर से पूछ लिया था।
