रूस और यूक्रेन के बीच करीब पांच साल से जारी युद्ध को खत्म करने की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं से सीधे बातचीत की है। चीन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप ने गुरुवार को बर्लिन में चल रही बैठक में फोन के जरिए हिस्सा लिया। इस बैठक में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और 40 से ज्यादा यूरोपीय नेता शामिल हुए। बातचीत का मकसद युद्ध खत्म करने के लिए साझा रास्ता तैयार करना और यूक्रेन की सुरक्षा पर सहमति बनाना है।
अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने बताया कि ट्रंप ने बर्लिन में बैठक कर रहे यूरोपीय नेताओं से फोन पर बात की, हालांकि बातचीत का पूरा ब्योरा साझा नहीं किया गया। बैठक में कुशनर और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ भी शामिल थे। कुशनर के मुताबिक, अमेरिका की प्राथमिकता यूक्रेन और यूरोप के साथ तालमेल मजबूत करना, स्थायी शांति के अहम मुद्दों पर साझा राय बनाना और अगली बहुपक्षीय बातचीत की तैयारी करना है। यूरोपीय देश इस बात से चिंतित हैं कि ट्रंप और पुतिन की सीधी बातचीत में यूक्रेन के भविष्य से जुड़े फैसले उनकी भागीदारी के बिना न हो जाएं।
बर्लिन में बातचीत शुरू होने से कुछ घंटे पहले यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले केर्च पुल पर चार दिनों में तीसरी बार हवाई हमला किया। हमले के बाद पुल पर रेल यातायात रोक दिया गया, लेकिन दोपहर में ट्रेन सेवाएं फिर शुरू हो गईं। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने हमले की पुष्टि करते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी और कहा कि पुल के सड़क वाले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा है, लेकिन इसे दोबारा बनाया जाएगा। पुतिन का दावा है कि यह पुल नागरिक इस्तेमाल के लिए है और इस पर सैन्य सामान तथा गोला-बारूद ले जाने पर रोक लगाई गई थी। यूक्रेन ने दावा किया कि हमले में पुल के सड़क वाले हिस्से का बड़ा हिस्सा और एक मेहराब ढह गया।
यूरोपीय देश चाहते हैं कि युद्ध खत्म होने के बाद यूक्रेन की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था बने, ताकि रूस दोबारा हमला न कर सके, जबकि रूस नहीं चाहता कि नाटो सैन्य गठबंधन उसकी सीमाओं के करीब पहुंचे। पुतिन ने कहा कि रूस बातचीत में यूरोप की भागदारी के खिलाफ नहीं है और उन्होंने यूरोपीय अधिकारियों को बातचीत के लिए मॉस्को आने का प्रस्ताव दिया, लेकिन अगली बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है। यूक्रेन को आशंका है कि ट्रंप और पुतिन आपसी समझौते से उसके भविष्य का फैसला कर सकते हैं। ट्रंप ने चीन में पुतिन को अपना मित्र बताया, जबकि जेलेंस्की के साथ उनके संबंधों में तल्खी आई है। रूस अपनी बड़ी सेना और हथियारों के दम पर यूक्रेन को थकाने की रणनीति अपना रहा है, जबकि यूक्रेन ड्रोन और लंबी दूरी की मिसाइलों से रूस के भीतर तेल रिफाइनरियों समेत अहम ठिकानों को निशाना बना रहा है। सर्दियों से पहले रूस यूक्रेन की बिजली व्यवस्था पर भी हमले तेज कर रहा है।