बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के एक एपिसोड में पत्नी जया बच्चन को लेकर मजाकिया बात कही। उन्होंने बताया कि बड़े घर में रहने के बावजूद उनके लिए एक छोटा कमरा ही है, जबकि बाकी कमरे जया बच्चन के इस्तेमाल में हैं।
शो में अमिताभ की मुलाकात कंटेस्टेंट दीपक से हुई, जो दीवारों पर कलाकृतियां बनाते हैं। दीपक की कला से प्रभावित होकर अमिताभ ने अपने कमरे की दीवारों पर भी ऐसी पेंटिंग बनवाने की इच्छा जताई। इसी बातचीत के दौरान उन्होंने अपने घर के कमरों का किस्सा साझा किया।
अमिताभ ने मजाक में कहा कि पतिदेव के लिए एक छोटा कमरा ही मिलता है और घर के सभी कमरे मैडम जी के लिए हैं। उन्होंने बताया कि जया बच्चन के पास खाने और बैठने के लिए अलग-अलग कमरे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जया बच्चन को घर की दीवारों पर पेंटिंग करवाना पसंद है और उन्होंने घर की बाहरी चारों दीवारों पर वारली पेंटिंग बनवाई है।
अमिताभ और जया बच्चन की पहली मुलाकात फिल्मों के जरिए हुई थी। दोनों ने 3 जून 1973 को जया के घर पर एक निजी समारोह में शादी की थी। साल 1974 में बेटी श्वेता और साल 1976 में बेटे अभिषेक का जन्म हुआ। परिवार पर ध्यान देने के लिए जया ने बाद में फिल्मों में काम कम कर दिया।
