फिल्म 'धुरंधर' के गानों में आवाज देने वाली रैपर-सिंगर रेबल के साथ गुवाहाटी में एक हैरान कर देने वाला हादसा हुआ। असम के हतिसिला में गुरुवार, 26 नवंबर को 'पल्स 2026 अवार्ड्स' के दौरान वह स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं। इसी दौरान एक ड्रोन उनके चेहरे से टकरा गया। उस वक्त रेबल अपना गाना 'रन डाउन द सिटी' गा रही थीं। ड्रोन के टकराते ही वह चौंक गईं और उन्हें अपनी परफॉर्मेंस बीच में ही रोकनी पड़ी। इसके कुछ ही पलों बाद वह स्टेज से नीचे उतर गईं।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इवेंट में मौजूद एक इंस्टाग्राम यूजर 'जमान डायरीज' ने यह वीडियो शेयर किया है, जिसमें रेबल स्टेज पर गाते और डांस करते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो शेयर करने वाले यूजर ने भी बताया कि परफॉर्मेंस के दौरान ड्रोन रैपर के चेहरे से टकराया था। हालांकि, इस घटना में उन्हें कितनी चोट आई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। रेबल की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान या स्वास्थ्य संबंधी अपडेट नहीं दिया गया है।
हादसे के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने चिंता और नाराजगी जाहिर की है। एक यूजर ने सवाल उठाया कि इतने बड़े मंच पर ड्रोन ऑपरेटर का ध्यान कहां था और कहा कि अगर ड्रोन के पंख गर्दन या सिर जैसी जगहों पर लग जाएं, तो यह जानलेवा हो सकता है। एक अन्य यूजर ने भी घटना पर नाराजगी जताई।
रेबल का असली नाम दाइफी लमारे है और वह मेघालय की रैपर और सिंगर हैं। उन्होंने फिल्म 'धुरंधर' के तीन गानों—'रन डाउन द सिटी- मोनिका', 'मूव- ये इश्क इश्क' और 'नल्ल नचना'—में अपनी आवाज दी है और कंपोजर शाश्वत सचदेव के साथ लिरिक्स में भी योगदान दिया है। बता दें कि लाइव परफॉर्मेंस के दौरान ड्रोन हादसे का सामना करने वाली रेबल पहली सिंगर नहीं हैं। साल 2023 में VIT चेन्नई में परफॉर्मेंस के दौरान सिंगर बेनी दयाल के सिर के पिछले हिस्से पर ड्रोन लगा था, जिसमें उनके सिर और उंगलियों पर चोटें आई थीं। वहीं, मई में सिंगर निकिता गांधी भी रेमा के कॉन्सर्ट के दौरान ड्रोन की चपेट में आकर घायल हो गई थीं।
