रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड' को चुनौती देने वाली याचिका पर सीजेआई सूर्यकांत की अगुआई वाली सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने याचिकाकर्ता को जमकर फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि इस तरह की याचिका लाकर अदालत का समय खराब न किया जाए और तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि हिंदू धर्म ग्रंथों पर आधारित रामायण की कथा के साथ छेड़छाड़ करके यह फिल्म बनाई गई है।
बेंच ने कहा कि फिल्म रिलीज हो चुकी है और फिल्म मेकर्स का कहना है कि उन्होंने रामायण को जैसा समझा, वैसा बनाया है। कोई भी अपनी समझ के हिसाब से फिल्म बनाने को स्वतंत्र है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता से कहा कि अगर उन्हें लगता है कि यह फिल्म ठीक नहीं है तो अपने हिसाब से एक फिल्म बना लें। जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने भी याचिकाकर्ता के वकील से यही बात कही।
याचिकाकर्ता के वकील ने बताया कि याचिका 23 नवंबर को दर्ज की गई थी, लेकिन अब तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं की गई। इस पर सीजेआई ने कहा कि फिल्म तो पहले ही रिलीज हो चुकी है और जिन्हें देखना था, वे देख भी चुके हैं। कोर्ट ने कहा कि मामले की जल्दी सुनवाई का कोई तुक नहीं है और सामान्य प्रक्रिया के तहत इसे सूचीबद्ध किया जाएगा।
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित यह फिल्म दुनिया भर में चर्चा बटोर रही है। इसमें रणबीर कपूर ने भगवान राम और साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाया है, जबकि यश ने रावण का किरदार निभाया है। फिल्म ने पुष्पा 2 को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा कमाई करने वाली चौथी फिल्म का स्थान हासिल किया है। अब तक इसका कलेक्शन 1755 करोड़ रुपये बताया जा रहा है और जल्द ही यह बाहुबली का रिकॉर्ड तोड़ने वाली है। कमाई के मामले में अभी दंगल पहले, धुरंधर 2 दूसरे, बाहुबली 2 तीसरे और पुष्पा 2 पांचवें नंबर पर है।
