बॉलीवुड अदाकारा शर्वरी ने कहा है कि उनके माता-पिता उनके सबसे बड़े चियरलीडर और सबसे बड़े क्रिटिक हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार को गर्व महसूस कराने के लिए ही इतना काम करती हैं, ताकि उनका सिर हमेशा ऊंचा रहे।
शर्वरी इस साल इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' और फिल्म 'ऐल्फा' के बाद सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आने वाली हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों निर्देशकों का उन्हें चुनना उनके लिए गर्व की बात है। उनके मुताबिक, सूरज बड़जात्या और इम्तियाज अली अपनी महिला किरदारों को नजाकत के साथ निडरता और जिद के साथ लिखते हैं, इसीलिए दर्शक उन किरदारों से जुड़ाव महसूस करते हैं। शर्वरी ने कहा कि वह शुरू से अलग-अलग तरह के किरदार निभाना चाहती थीं और किसी इमेज में नहीं बंधना चाहती थीं।
अपने करियर में शर्वरी ने 'वेदा' से लेकर 'मैं वापस आऊंगा', 'मुंज्या', 'महाराज', 'ऐल्फा' और 'ये प्रेम मोल लिया' जैसी अलग-अलग फिल्में की हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्हें 'बंटी और बबली 2' मिली थी, तो उन्होंने सीधे घर पहुंचकर वह स्क्रिप्ट अपने माता-पिता के हाथ में रखी थी। उनके लिए वह बहुत बड़ा पल था, क्योंकि उनके माता-पिता ने सात साल का उनका संघर्ष करीब से देखा था।
सात साल के ऑडिशन और रिजेक्शन के दौर में डटे रहने के बारे में पूछे जाने पर शर्वरी ने कहा कि उनमें एक जिद थी कि रुकना नहीं है। उन्होंने बताया कि रिजेक्ट होने पर भी वह फीडबैक मांगती थीं। शुरुआत में कुछ लोगों ने उनकी हिंदी में मराठी एक्सेंट की बात कही, तो उन्होंने डिक्शन की क्लासेस लीं। किसी ने कहा कि उन्हें कुछ और सीखना चाहिए, तो उन्होंने ऐक्टिंग, डांस और डिक्शन की क्लासेस लीं, ताकि जब मौका मिले तो कोई यह न कह सके कि शर्वरी को यह नहीं आता।
