अमरोहा में एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात नायब तहसीलदार अशोक मीणा बताकर सीएचसी प्रभारी डॉ. मोहम्मद उवैस को फोन किया और स्वास्थ्य कर्मचारियों के नाम, तैनाती स्थल और मोबाइल नंबर वाट्सएप पर भेजने का दबाव बनाया। सीएचसी प्रभारी को बार-बार व्यक्तिगत नंबर पर जानकारी मांगे जाने पर शक हुआ और उन्होंने मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमाकांत सागर को दी। सीएमओ ने किसी भी कर्मचारी की जानकारी साझा करने से मना कर दिया और पुलिस में तहरीर दी गई है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. मोहम्मद उवैस के अनुसार, मंगलवार शाम उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति की काल आई थी। उसने खुद को डीएम कार्यालय से नायब तहसीलदार अशोक मीणा बताते हुए समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती का स्थान और मोबाइल नंबर मांगे। साथ ही कर्मचारियों को निर्देश देने के लिए कहा कि उनसे जो भी जानकारी मांगी जाए, उसे उनके व्यक्तिगत नंबर पर वाट्सएप के माध्यम से साझा करें। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने तीन अलग-अलग नंबरों से तीन बार फोन किया।
बार-बार व्यक्तिगत नंबर पर जानकारी मांगने से सीएचसी प्रभारी को शक हुआ। उन्होंने तत्काल सीएमओ को पूरे मामले से अवगत कराया। सीएमओ ने कर्मचारियों की कोई भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया। बुधवार को भी अशोक मीणा के नाम से फोन किए जाने की बात सामने आई। सीएचसी प्रभारी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले भी अशोक मीणा के नाम से हसनपुर ब्लाक क्षेत्र में स्वास्थ्य कर्मचारियों के वाट्सएप ग्रुप में इसी तरह का संदेश प्रसारित हुआ था।
