भोजपुर पुलिस ने भोजपुरी गीतों के जरिए रंगदारी, हिंसा, अवैध हथियारों के प्रदर्शन और जातिगत वर्चस्व को बढ़ावा देने के आरोप में कार्रवाई की है। इंटरनेट मीडिया निगरानी के दौरान चिह्नित किए गए छह विवादित भोजपुरी गानों से जुड़े गायकों, गीतकारों, रिकॉर्डिंग स्टूडियो और इंटरनेट मीडिया अकाउंट संचालकों समेत 45 लोगों के खिलाफ आरा के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एसपी अवधेश दीक्षित ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार यह प्राथमिकी साइबर थाने के इंटरनेट मीडिया प्रभारी सह दारोगा निखिल राय की ओर से की गई है। प्राथमिकी में सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो और जागृति स्टूडियो आदि का नाम दर्ज है। गायकों में टुनटुन यादव, जिद्दी ब्वाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, रीतेश ठाकुर, विजय यादव, सृष्टि भारती, राजा अविनाश और राधे बिहारी रोहित शामिल हैं। गीतकारों में सूरज सोनालिका, हरेराम अकेला, सुनील सागर, जेपी राहुल, सोनू पांडेय और अरुण उमंग के नाम हैं।
पुलिस के मुताबिक इन गानों को बैकग्राउंड ऑडियो के रूप में इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम अकाउंट से ऐसी रील्स और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर हथियार लहराने, डराने-धमकाने और जातिगत तनाव बढ़ाने वाली सामग्री दिखाई जा रही है। इससे जिले की लोकशांति और विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। युवाओं पर भी इसके प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।
जांच के लिए आठ इंस्टाग्राम प्रोफाइल और उनसे जुड़े रील्स के लिंक चिह्नित किए गए हैं, जिनमें जिद्दी ब्वाय चंदन और गीतकार सूरज सोनालिका से जुड़े अकाउंट भी शामिल हैं। इसके अलावा जिद्दी ब्वाय चंदन ऑफिशियल नाम से संचालित यूट्यूब चैनल और उस पर प्रसारित वीडियो को भी प्राथमिकी में शामिल किया गया है। साइबर पुलिस गानों के निर्माण, प्रसारण और डिजिटल वितरण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
