भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब रोजमर्रा की कई बड़ी समस्याओं के समाधान में मदद कर रहा है। छात्रों और स्टार्टअप ने इसके लिए अलग-अलग डिजिटल उपकरण तैयार किए हैं। ये तकनीकें सड़क के गड्ढों की पहचान, जमीन के दस्तावेजों की जांच और अस्पतालों में बीमारियों के रुझान समझने जैसे कामों में इस्तेमाल हो रही हैं।
चेन्नई के संजय मांडवा ने जमीन के दस्तावेजों की जांच के लिए लैंडीड नाम का प्लेटफॉर्म बनाया है। यह 24 राज्यों के करीब 1.8 अरब दस्तावेजों के आधार पर मालिकाना हक और रिकॉर्ड में मौजूद गड़बड़ियों की पड़ताल करता है। वहीं, बंगलूरू के गौरव सेन ने एक एआई एप विकसित किया है, जो डैशकैम और सैटेलाइट नेविगेशन की मदद से सड़क के गड्ढों की पहचान करता है और उनकी जानकारी संबंधित नगर निकाय अधिकारियों तक पहुंचाता है। अस्पतालों में भी एआई मरीजों की जांच रिपोर्ट समझने और बीमारियों के बढ़ते मामलों का पता लगाने में डॉक्टरों की मदद कर रहा है।
इस साल के पहले नौ महीनों में भारतीय एआई स्टार्टअप ने एक अरब डॉलर से अधिक की फंडिंग जुटाई है, जो इस क्षेत्र में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी दर्शाता है। हालांकि, महंगे कंप्यूटिंग संसाधन, चिप की कमी और जटिल नियम स्टार्टअप के सामने बड़ी बाधाएं हैं। सरकारी परियोजनाओं में तैयार की गई तकनीक को लंबे समय तक चलने वाले कारोबार में बदलना भी एक चुनौती है।
ऐसे में भारत के सामने दोहरी जिम्मेदारी है। एक तरफ एआई के नए समाधान विकसित करने हैं, तो दूसरी तरफ उन्हें आम लोगों तक पहुंचाने और आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने का रास्ता भी तैयार करना है। सवाल यह है कि क्या एआई आम लोगों की समस्याएं सचमुच आसान कर पाएगा।
