मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार शाम करीब 6.05 बजे बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 388 में टेकऑफ से कुछ ही समय पहले तकनीकी खराबी सामने आई। विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा था, तभी पायलटों को समस्या का पता चला और उन्होंने टेकऑफ रोककर विमान को वापस पार्किंग बे में ले जाया। विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। बताया जा रहा है कि विमान में पूर्व सांसद नलिन कुमार कटील भी सवार थे।

इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार उड़ान के टेकऑफ से कुछ ही समय पहले तकनीकी समस्या का पता चला। जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया गया।

इस बीच स्थानीय खबरों में कहा गया कि टेकऑफ के दौरान विमान के नीचे चिंगारियां दिखीं और उसका एक टायर फट गया, जिसके बाद पायलट ने ब्रेक लगाकर विमान को रनवे पर रोक दिया। हालांकि इंडिगो के बयान में चिंगारियां दिखने या टायर फटने के इन दावों की पुष्टि नहीं की गई है।