दुनिया की दो बड़ी टेक कंपनियों एपल और गूगल की कई सेवाएं मंगलवार को अचानक ठप हो गईं, जिससे हजारों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। आईक्लाउड में लॉगइन करने में दिक्कत हुई, जबकि कई यूजर्स जीमेल और गूगल सर्च का इस्तेमाल नहीं कर सके। एपल एप स्टोर, वॉलेट और एपल पे जैसी सेवाएं भी प्रभावित रहीं। लोगों को लॉगइन, मैसेज भेजने, ईमेल, भुगतान और फंड ट्रांसफर में समस्याएं आईं।

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर शिकायतों की संख्या महज एक घंटे में करीब 1,500 से 2,000 तक पहुंच गई। वेबसाइट के अनुसार भारतीय समयानुसार रात करीब 10 बजे से सेवाओं में रुकावट की शिकायतें बढ़ने लगीं। आईक्लाउड और एपल पे की सेवाएं सबसे ज्यादा बाधित हुईं। कई यूजर्स ने एक्स पर भी अपनी समस्याएं साझा कीं।

इस घटना से चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि इससे कुछ घंटे पहले ही एचएसबीसी यूएई बैंक, एयर फ्रांस और आइकिया समेत दुनिया की करीब 200 बड़ी वेबसाइट्स पर साइबर हमले की खबर सामने आई थी। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच फिलहाल कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।

सुरक्षा शोधकर्ता स्काट हेल्म के मुताबिक, हैकरों ने ऑप्टिमाइजली प्लेटफॉर्म के टूल में खराब जावास्क्रिप्ट कोड डाल दिया था। कई बड़ी कंपनियां अपनी वेबसाइट पर यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इस टूल का इस्तेमाल करती हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस हमले के जरिए वित्तीय जानकारी चुराने और एपल डिवाइस को संक्रमित करने की कोशिश की गई। इससे एक दिन पहले अमेरिका के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों ने भी ऑनलाइन अकाउंट इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की थी। डाउनडिटेक्टर के अनुसार, यूजर्स ने बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और ट्रुइस्ट की सेवाओं में समस्या की जानकारी दी थी।