पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के चलते पुणे लौट आई। विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया। पायलट ने इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी, जिसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 192 लोग सवार थे। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया था। लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि यह देखा जा सके कि लैंडिंग गियर ठीक से खुला है या नहीं। इसके बाद सुबह 9:04 बजे विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।

लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 पर ले जाया गया। जांच में विमान की स्थिति सुरक्षित मिलने के बाद सुबह 9:10 बजे इमरजेंसी हटा दी गई। इसके बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, इंडिगो यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से दूसरा विमान पुणे भेजने की तैयारी कर रही थी। बता दें कि लैंडिंग गियर विमान के पहियों और उन्हें संभालने वाले हिस्से को कहते हैं। उड़ान भरने के बाद ये पहिए विमान के अंदर चले जाते हैं। लैंडिंग गियर बाहर अटकने से उड़ान और सुरक्षित लैंडिंग को लेकर जोखिम था, इसलिए पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान को पुणे वापस लाने का फैसला किया।