नवी मुंबई के उसारली गांव के पास मोबाइल लोन की किस्तों को लेकर हुए विवाद में 23 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ठाणे के कोपरी निवासी प्रतीक दिलीप अंबावले (23) ने लोन पर दो मोबाइल फोन खरीदे थे, जिनके लिए पनवेल निवासी प्रतीक मोहन जाधव (30) गारंटर था। अंबावले फोन की किस्तें नहीं चुका पाया था। नवी मुंबई के सहायक पुलिस आयुक्त मयूर भुजबल के मुताबिक, यह घटना पिछले हफ्ते हुई थी।

अंबावले 9 नवंबर को लापता हो गया था, जिसके बाद कोपरी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। जांच में पता चला कि उसकी आखिरी लोकेशन पनवेल तालुका के उसारली गांव के पास थी और उसे जाधव के फोन से 22 कॉल आए थे। इसके बाद जाधव को सोमवार को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में जाधव ने पुलिस को बताया कि वह और अंबावले 8 नवंबर की रात करीब 1 बजे पनवेल रेलवे स्टेशन पर मिले और शिवकर गांव गए। उसने बताया कि उसने अंबावले से उस लोन के बारे में बात की, जिसकी किस्तें न चुकाने के कारण रिकवरी एजेंट उसे परेशान कर रहे थे। बहस के दौरान अंबावले ने उसे लात मारी। अधिकारी ने बताया कि गुस्से में आकर जाधव ने चाकू निकाला और अंबावले की हत्या कर दी।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने शव को पास की झाड़ियों में छिपा दिया। खून से सने हथियार को पीड़ित के काले बैग में रखा और वहां से भागने से पहले बैग को शिवकर-ओएनजीसी रोड पर एक पुल के नीचे फेंक दिया। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने शिवकर में एक स्कूल के पीछे नाले के पास झाड़ियों से अंबावले का सड़ा-गला शव बरामद किया। परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पनवेल सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।