मेरठ के ब्रेंज एडु वर्ल्ड स्कूल के दो छात्रों वेदांत अग्रवाल और तीर्थराज चटर्जी ने मात्र 2000 रुपये की शुरुआती लागत से जल शोधन का एक मॉडल तैयार किया है। कक्षा 11 के वेदांत और उनके साथी तीर्थराज ने यह प्रोजेक्ट स्कूल के भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष विवेक भारद्वाज के मार्गदर्शन में बनाया है। छात्रों का दावा है कि यह मॉडल पानी में मौजूद कई हानिकारक तत्वों को सोखकर अलग कर सकता है। इस नवाचार को मुंबई में आयोजित अर्थशाट प्राइज के भारतीय स्कूल स्तरीय आयोजन में उनकी श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है, जहां उन्हें रनरअप के रूप में 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने स्वयं छात्रों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। छात्रों के प्रमाणपत्र पर प्रिंस विलियम ने उनके सामने हस्ताक्षर भी किए।

छात्रों के अनुसार, सामान्य सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित करने में लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक का खर्च आता है, जिससे छोटे कस्बों, गांवों और नालों के लिए पानी साफ करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने कम लागत वाला फिल्टर सिस्टम विकसित करने की दिशा में काम किया। मॉडल में पहले चरण में ऐसे फिल्टर और अवरोधक लगाए गए हैं जो बहकर आने वाले ठोस कचरे और तलछट को रोकते हैं। इसके बाद पानी को विशेष रासायनिक और प्राकृतिक अवशोषक पदार्थों से गुजारा जाता है। फिल्टर में टाइटेनियम डाइआक्साइड पाउडर का भी इस्तेमाल किया गया है, जो सूर्य के प्रकाश की मदद से कुछ प्रदूषकों के विघटन में सहायक बताया गया है।

छात्रों ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंटर फार एनवायरनमेंटल मैनेजमेंट आफ डिग्रेडेड इकोसिस्टम्स से जुड़े प्रोफेसर डा. यासिर अराफात से भी इस संबंध में चर्चा की। प्रोफेसर ने उनके मॉडल का अध्ययन कर सुझाव दिया कि इसे कंस्ट्रक्टेड वेटलैंड तकनीक के साथ जोड़कर और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस तकनीक में जलीय पौधों की मदद से पानी को प्राकृतिक तरीके से साफ किया जाता है, हालांकि इस प्रक्रिया में भी अमोनिया और फास्फोरस जैसे कुछ प्रदूषक पूरी तरह नहीं हट पाते। छात्रों का मानना है कि उनका मॉडल इन कमियों को दूर करने में सहायक हो सकता है।

छात्रों ने गांवों में जाकर प्रदूषण की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास भी किया। वेदांत और तीर्थराज छिलौरा गांव पहुंचे और वहां के सरपंच से बातचीत की। इस दौरान उन्हें पता चला कि गांव में पहले लगभग 15 फीट की गहराई पर साफ पानी उपलब्ध हो जाता था, लेकिन अब लोगों को साफ पानी के लिए 250 फीट तक बोरिंग करानी पड़ रही है। गांव के लोगों ने छात्रों को बताया कि खेतों में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशकों और रासायनिक पदार्थों के कारण पानी की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। फिलहाल यह मॉडल छोटी नालियों और कम मात्रा में बहने वाले पानी के लिए विकसित किया गया है, और छात्रों का कहना है कि इसकी क्षमता और आकार बढ़ाकर बड़ी जलधाराओं और नदियों में भी इसके इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।