जयनगर विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को आठ-आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। कमला पुल स्थित कोसी कॉलोनी आईपीडीएस पावर सब-स्टेशन में लगे 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर का रिले पैनल बदलने के कारण यह शटडाउन लिया जा रहा है।
सहायक विद्युत अभियंता वरुण कुमार ने बताया कि दोनों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इस तकनीकी अपग्रेडेशन के पूरा होने के बाद क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाले पावर कट और तकनीकी खामियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
उनके अनुसार, कोसी कॉलोनी आईपीडीएस पावर सब-स्टेशन से जुड़े रेलवे लाइन के पूर्वी भाग के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इन दोनों दिन टाउन फीडर, बांध फीडर, ईनरवा फीडर और हनुमान नगर फीडर के तहत आने वाले क्षेत्रों में बिजली गुल रहेगी।
विशेष रूप से टाउन फीडर के अंतर्गत रेलवे लाइन से पूर्व जयनगर शहरी क्षेत्र, बाजारों और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आपूर्ति बाधित रहने के कारण उपभोक्ताओं को जरूरी काम पहले ही निपटा लेने की सलाह दी गई है। सब-स्टेशन में पुराना रिले पैनल बदलकर आधुनिक पैनल लगाने से पूरे विद्युत तंत्र की कार्यक्षमता और सुरक्षा में सुधार होगा।
