रिपब्लिकन सेना चीफ आनंदराज अंबेडकर ने जालना में पार्टी के 28वें स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र सरकार की जल संरक्षण नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां बारिश ही नहीं हुई, वहां पानी रोकने का सवाल कैसे पैदा होता है। इस दौरान उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार का नाम भी लिया, जिससे 2013 का पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया। अंबेडकर ने सफाई दी कि अजित पवार का नाम उन्होंने व्यंग्य के तौर पर लिया था और यह इशारा उनके अतीत में पानी की कमी पर दिए गए बयानों की तरफ था।
अप्रैल 2013 में महाराष्ट्र भीषण सूखे से जूझ रहा था। तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने 6 अप्रैल 2013 को इंदापुर में एक गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए सोलापुर के किसान भैय्या देशमुख की भूख हड़ताल पर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि डैम में पानी ही नहीं है तो पानी छोड़ेंगे कैसे। बवाल बढ़ने पर अजित पवार को दो बार माफी मांगनी पड़ी थी और उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणी सूखा पीड़ितों के लिए नहीं थी।
अंबेडकर ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र का सूखा प्राकृतिक नहीं, बल्कि मैन-मेड है और नेताओं की खराब प्लानिंग ने इसे पैदा किया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य का 86% से ज्यादा हिस्सा सूखे की चपेट में है और 310 तालुका सूखाग्रस्त हैं। सोलापुर, बीड, धाराशिव, जालना और यवतमाल में बारिश सबसे कम हुई है और बांधों में पानी कम है। सरकार की नीति ‘पानी रोको, पानी रिचार्ज करो’ है।
इस बीच सोलापुर जिले के तुलशी गांव के लोग पानी की कमी से परेशान होकर गांव बेचने जा रहे हैं और इसके लिए बोर्ड भी लगाया है। गांव की कीमत पानी रखी गई है। माढा तहसील के इस गांव की 7000 आबादी कई सालों से पानी की समस्या से जूझ रही है और लोग टैंकरों पर निर्भर हैं।
