बनबसा सैन्य स्टेशन में सोमवार से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबड़घाव ने बताया कि वर्ष 2027 के लिए उत्तराखंड में हो रही अग्निवीर भर्ती रैलियों की यह तीसरी रैली है। आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से किया जा रहा है।

चंपावत के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों के लिए 26 और 27 नवंबर की तिथियां निर्धारित हैं। पिथौरागढ़ जनपद के जीडी अभ्यर्थियों की भर्ती 23, 24 और 25 नवंबर को होगी। दोनों जनपदों के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेडमैन (8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण) श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती 27 नवंबर को होगी।

कर्नल अमोल ने बताया कि भर्ती रैली में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने एक से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र में दर्ज तिथि और समय पर बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचें।

उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र के साथ भर्ती अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज साथ लाने को कहा है।