इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की लोनी में एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने एचआईवी पॉजिटिव होने की बात छिपाकर उससे शादी की और बाद में मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता ने बताया कि वह नोएडा की एक रियल स्टेट कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। जुलाई 2024 में एक युवक प्रॉपर्टी खरीदने के लिए उनके ऑफिस पहुंचा और उनका नंबर ले लिया। आरोप है कि युवक ने प्रलोभन देकर उन्हें अपनी बातों में फंसाया और बाद में घर जाकर परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। अक्टूबर में दोनों की शादी हो गई, जिसके बाद दोनों फरीदाबाद में रहने लगे।

आरोप है कि पति लंबे समय तक घर नहीं आता था और पूछताछ करने पर उनके साथ मारपीट करता था। पीड़िता का कहना है कि पांच-छह बार उनके साथ मारपीट की गई। घर की सफाई के दौरान उन्हें पति की मेडिकल रिपोर्ट मिली, जिससे उसके एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी हुई। आरोप है कि सास, ससुर और ससुराल के अन्य सदस्यों से इस बारे में बात करने पर सभी ने उन्हें डांटकर चुप करा दिया। पीड़िता के अनुसार, पति की पहली पत्नी बीमारी के कारण तलाक देकर जा चुकी थी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 19 जून को पति ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया, जिसके बाद उन्होंने आरोपितों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।