फरीदाबाद में ऑनलाइन सीमेंट खरीदने के दौरान एक व्यक्ति से 93 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दिल्ली में साइबर ठगी के एक अन्य मामले में जेल में बंद थे और उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, पाली निवासी पीड़ित को 300 कट्टे सीमेंट की जरूरत थी। 23 अगस्त को उसके पड़ोसी ने गूगल पर सीमेंट विक्रेता का मोबाइल नंबर तलाशकर उसे दिया। पीड़ित ने उस नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद आरोपियों ने सीमेंट सप्लाई का भरोसा देकर ऑनलाइन भुगतान के लिए स्कैनर भेज दिया। पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 93 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न सीमेंट पहुंचा और न ही आरोपियों ने फोन उठाया।
जांच के दौरान पुलिस ने मोनू, सुगम, मनीष, मिथुन, रितिक, हिमांशु और रोहन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि सुगम, रोहन, मनीष और रितिक दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर चलाते थे, जबकि मोनू, मिथुन और हिमांशु कॉलर के रूप में लोगों को सीमेंट विक्रेता बनकर फंसाते थे। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाकर आपस में बांट ली जाती थी।
पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को वापस दिल्ली जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
