बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में 10 नवंबर की रात हुई एक युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर को हिरासत में ले लिया है। दानापुर डीएसपी टू अमरेंद्र कुमार के अनुसार, हिरासत में लिया गया मुख्य शूटर नाबालिग है और उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, हत्या में प्रयुक्त हथियार अभी पुलिस बरामद नहीं कर सकी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी नेहा परवीन उर्फ फौजिया फिरदोश का गांव के ही करण कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका मृतक विरोध करता था। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। करण कुमार ने एक शूटर को 40 हजार रुपये में हायर किया था, और इसके लिए महिला ने जीविका दीदी से लोन लेकर प्रेमी को रुपये दिए।
घटना के संबंध में बताया गया कि 10 नवंबर की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने सिमरी गांव के एक घर में घुसकर 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद अपराधी मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद दानापुर डीएसपी टू अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर मृतक की पत्नी नेहा परवीन उर्फ फौजिया फिरदोश, प्रेमी सह पड़ोसी सिमरी गांव निवासी प्रमोद चौधरी के पुत्र करण चौधरी और एक नाबालिग को हिरासत में लिया था। रविवार को मामले की अनुसंधान के दौरान मुख्य शूटर को भी हिरासत में लिया गया।
