शामली के बाबरी क्षेत्र के गांव भाजू निवासी भारतीय सेना के जवान मनीष पुत्र रामबीर सिंह हरियाणा के हिसार में प्रशिक्षण के दौरान टैंक की चपेट में आने से शहीद हो गए। शनिवार दोपहर हिसार के भोजपुर गांव में चल रहे प्रशिक्षण के दौरान यह दुखद घटना हुई। रविवार शाम तक जवान का शव गांव नहीं पहुंच सका था। अब सोमवार सुबह सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पिता रामबीर सिंह, जो रिटायर सूबेदार और हिंद केसरी पहलवान हैं, ने बताया कि शनिवार को हिसार प्रशिक्षण केंद्र से फोन पर मनीष के घायल होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलने के बाद वह गांव से गाड़ी किराये पर लेकर हिसार पहुंचे थे। मनीष वर्ष 2019 में मेरठ से सेना में भर्ती हुए थे।

ग्राम प्रधान बाबी ने बताया कि मनीष तीन बहनों और परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बहन अभी अविवाहित है। उन्होंने बताया कि मनीष मिलनसार युवक था और छुट्टी में गांव आने पर अपने साथियों के साथ मिलना-बैठना करता था। मनीष की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व मेरठ के सरूरपुर खुर्द निवासी बुलबुल से हुई थी। मनीष की अभी कोई संतान नहीं है।

जवान के शव का इंतजार करते ग्रामीण और परिवार के लोग गांव भाजू में जुटे रहे। शहीद जवान को सैन्य सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी।