मेरठ में एक हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय ने फोन पर लोगों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल से छुट्टी से पहले नवजात की कुछ जांचें बहुत उपयोगी होती हैं। थायराइड की जांच जन्म के 48 से 72 घंटे के बीच करानी चाहिए। समय पर पता लगने और इलाज से बच्चे के मस्तिष्क और शारीरिक विकास को नुकसान से बचाया जा सकता है।
डॉ. उपाध्याय ने बताया कि बच्चे का ब्लड ग्रुप अलग से जांचना जरूरी नहीं होता, लेकिन यदि मां आरएच निगेटिव या ओ ब्लड ग्रुप की हो तो बच्चे के ब्लड की जांच करा लेनी चाहिए, जिससे पीलिया के जोखिम से बचा जा सके। सुनने की क्षमता (ओएई) और हृदय की जांच (एसपीओ-2) भी जरूरी है, क्योंकि कई बार बच्चों के दिल में छेद होते हैं जो उम्र के साथ बड़ी समस्या बन जाते हैं। उन्होंने नवजात को पीलिया और संक्रमण से बचाने के लिए उचित देखभाल, कंगारू मदर केयर और टीकाकरण को बच्चों के स्वास्थ्य में सहायक बताया।
कार्यक्रम में लोगों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि नाक से दूध निकलना कोई बीमारी नहीं है, लेकिन बार-बार उल्टी, सुस्ती या यूरीन कम होने पर डॉक्टर को दिखाएं। चार दिन की बच्ची की आंखें और चेहरा पीला दिखने पर उन्होंने केवल धूप दिखाना पर्याप्त न बताते हुए जांच और सही इलाज के लिए डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी। नाभि पर घी या हल्दी न लगाने और उसे सूखा व साफ रखने की सलाह दी गई। बच्चे को करवट या पेट के बल तकिया लगाकर सुलाना असुरक्षित बताया गया; बच्चे को हमेशा समतल, सख्त गद्दे पर बिना तकिए के केवल पीठ के बल सुलाने को कहा गया।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि प्री-मैच्योर और कम वजन के बच्चों के इलाज में स्किन टू स्किन कांटैक्ट या कंगारू मदर केयर का अहम रोल है। मां की छाती पर बच्चे को लिटाने से तापमान संतुलित रखने में मदद मिलती है और निमोनिया, डायरिया, हाइपोथर्मिया व हाइपोग्लाइसीमिया का रिस्क कम हो जाता है। उन्होंने बताया कि प्रति हजार जन्म लेने वाले बच्चों में मृत्यु दर का राष्ट्रीय औसत करीब 18 है और उत्तर प्रदेश में यह 22 से 24 के बीच है। मृत्युदर कम करने के लिए संस्थागत प्रसव 100 प्रतिशत करने, हाई रिस्क गर्भवती के प्रसव एनआईसीयू वाले संस्थान में कराने और एंबुलेंस में न्यू बोर्न के अनुसार सुविधाएं देने पर ध्यान देने की जरूरत बताई गई।
