शामली के वीवी इंटर कॉलेज रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 26 वर्षीय राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई 24 वर्षीय जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों के साथ बाइक पर सवार तीसरा भाई वसीम को मामूली चोट आई। राजा मूल रूप से सहारनपुर के हाकमशाह मुहल्ला का निवासी था और शामली के राजो मुहल्ला में भी उसका मकान है। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन और परिचित घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगाने का प्रयास किया। लोगों ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए करीब एक घंटे तक हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को संभाला। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

मृतक के चचेरे भाई रहमान ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजा शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। उसकी मौत से परिवार में शोक छाया हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।