सुंदर नर्सरी में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से शनिवार को 18 दिवसीय सरस शक्ति फूड फेस्टिवल शुरू हुआ है। पहले रविवार को बड़ी संख्या में दिल्लीवासी व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए वाहनों से सरस मेले की ओर निकले, जिससे सब्ज बुर्ज गोलचक्कर से लेकर लोधी रोड, मथुरा रोड और ओबराय फ्लाईओवर पर भीषण जाम लग गया।

जाम को नियंत्रित करने के लिए दोपहर बाद लोधी रोड से सुंदर नर्सरी जाने वाला मार्ग गोलचक्कर के पास बंद कर दिया गया। हुमायूं मकबरे के पास से आयोजन स्थल तक सुगम आवाजाही के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ वालंटियर भी तैनात किए गए थे। लोधी रोड की ओर से आने वाले वाहन चालक अब ओबराय फ्लाईओवर होते हुए सुब्रह्मणयम स्वामी चौराहे से यूटर्न लेकर सुंदर नर्सरी पहुंच रहे हैं, और इसी मार्ग से मथुरा रोड पर भोगल व जंगपुरा की ओर भी जा रहे हैं।

गुनगुनाती धूप का आनंद लेने के लिए लोग बच्चों के साथ नर्सरी पहुंचे। मेले में 90 से अधिक फूड स्टॉल देसी स्वाद और विविधता से भरे हैं। दोपहर ढलने के साथ भीड़ भी बढ़ती रही। बिहार का लिट्टी-चोखा, तेलंगाना की हैदराबादी दम बिरयानी, पंजाब की मक्के की रोटी और सरसों का साग, असम का मशरूम पीठा, केरल के अट्टापडी क्षेत्र का वन सुंदरी और छत्तीसगढ़ का चौसेला जैसे क्षेत्रीय व्यंजनों के साथ पोटैटो स्प्रिंग और पूर्वोत्तर राज्यों के फास्ट फूड का जायका भी एक साथ चखने को मिला।

सुंदर नर्सरी में नवंबर से जनवरी तक होने वाले विविध आयोजनों और इस दौरान उमड़ने वाली भीड़ को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही चार बिंदुओं पर सुझाव दिए थे, जिनमें डायवर्जन से लेकर पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था भी शामिल थी।