पटना। मोकामा से विधायक अनंत सिंह के लोकसभा चुनाव लड़ने के ऐलान से तीन सांसदों की चिंता बढ़ गई है। संभावना है कि अनंत सिंह निर्दलीय चुनाव लड़ें। उनकी घोषणा जदयू सांसद ललन सिंह, भाजपा सांसद गिरिराज सिंह और भाजपा सांसद विवेक ठाकुर के लिए चुनौती बन सकती है। अगर अनंत सिंह जदयू से हिसाब बराबर करने की जिद ठान लेते हैं तो वे नालंदा से भी किस्मत आजमा सकते हैं, जिससे जदयू सांसद कौशलेन्द्र कुमार की चुनौती भी बढ़ सकती है। हालांकि, नालंदा सीट अनंत सिंह के लिए मुश्किल सीट होगी। वे किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

अनंत सिंह की नजर मुंगेर, बेगूसराय और नवादा सीट पर हो सकती है, क्योंकि यहां भूमिहार ब्राह्मण वोटर निर्णायक माने जाते हैं। इन तीनों सीटों के मौजूदा सांसद ललन सिंह, गिरिराज सिंह और विवेक ठाकुर भूमिहार ब्राह्मण हैं। लेकिन दिक्कत यह है कि इन तीनों सांसदों की अनंत सिंह से नजदीकी है। अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद के समय ललन सिंह ने खुलकर अनंत सिंह का समर्थन किया था। पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर ललन सिंह अनंत सिंह की पुत्री की शादी में शामिल हुए थे। नजदीकी के कारण ही गिरिराज सिंह और विवेक ठाकुर भी अनंत सिंह की बेटी के विवाह समारोह में आये थे।

अनंत सिंह जिस मोकामा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, वो मुंगेर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। ऐसे में उनकी पहली पसंद मुंगेर लोकसभा सीट ही हो सकती है। 2019 में जब अनंत सिंह की जदयू से लड़ाई चल रही थी, तब उनकी पत्नी नीलम देवी ने मुंगेर से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वे हार गई थीं। उनके समर्थकों का मानना है कि अगर अनंत सिंह निर्दलीय लड़ेंगे तो उनकी ब्रांड वैल्यू पहले की तुलना में ज्यादा बढ़ जाएगी।

बेगूसराय को भूमिहार ब्राह्मणों का गढ़ कहा जाता है और यहां से एक बार को छोड़कर हमेशा इसी जाति के सांसद चुने जाते रहे हैं। मोकामा और बेगूसराय एक-दूसरे के नजदीक हैं और दोनों में रोटी-बेटी का रिश्ता है। फिलहाल यहां से भाजपा के गिरिराज सिंह सांसद हैं, जो नरेन्द्र मोदी और भाजपा के नाम पर जीतते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी माने जाने वाले गिरिराज सिंह 2014 से केन्द्रीय मंत्री हैं, लेकिन अनंत सिंह अब क्षेत्रीय ताकत बन चुके हैं। नवादा लोकसभा क्षेत्र भी भूमिहार ब्राह्मण बहुल माना जाता है और 2014 से यहां इसी जाति के उम्मीदवार सांसद चुने जाते रहे हैं। अभी भाजपा के विवेक ठाकुर यहां से सांसद हैं और नवादा जिले में अनंत सिंह का व्यक्तिगत प्रभाव भी है। विवेक ठाकुर बिहार के प्रतिष्ठित डॉक्टर और नेता सीपी ठाकुर के पुत्र हैं।

नालंदा लोकसभा सीट नीतीश कुमार और जदयू का गढ़ मानी जाती है, जहां से नीतीश कुमार के करीबी कौशलेन्द्र कुमार सांसद हैं। 2024 का चुनाव उन्होंने करीब 1 लाख 69 हजार मतों से जीता था, लेकिन 2014 में वे कांटे के मुकाबले में करीब 9 हजार मतों से ही जीत पाये थे।