गोरखपुर के बेतियाहाता क्षेत्र के वार्ड नंबर 67 से बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने शुक्रवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में त्रिपाठी ने उन्हें फरसा भेंट किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन का नाम लिए बिना उन पर तंज कसते हुए कहा कि अब उन्हें स्पेन नहीं वेनिस जाना है और अपना वीजा तैयार रखना चाहिए।
त्रिपाठी पहले समाजवादी पार्टी में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा में रहते हुए वह गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित वार्ड नंबर 67 से पार्षद बने। बीते बरसात के दौरान बारिश और उससे जुड़ी समस्याओं को लेकर सांसद रवि किशन के साथ उनकी बातचीत का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। इस घटना के बाद वह काफी चर्चा में आए थे और उनकी गतिविधियां सपा के समर्थन में दिखाई देने लगी थीं।
अखिलेश यादव ने त्रिपाठी के पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया। अखिलेश के बयान को गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
त्रिपाठी के सपा में शामिल होने के बाद गोरखपुर की राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव में उनके टिकट का दावेदार होने के कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि समाजवादी पार्टी उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में किस सीट से उम्मीदवार बनाएगी या टिकट देगी भी या नहीं।
