पटना: बिहार में महिला आरक्षण बिल को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग महिला आरक्षण का दायरा अपने परिवार की महिलाओं तक ही सीमित रखना चाहते हैं। उनके मुताबिक, महिला आरक्षण निश्चित रूप से होना चाहिए और परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण शामिल होगा।

संजय झा ने कहा कि पिछले पांच दशकों में हर संसदीय और विधानसभा क्षेत्र की आबादी काफी बढ़ी है। इसी वास्तविकता को ध्यान में रखते हुए परिसीमन का प्रस्ताव लाया गया है। उन्होंने कहा कि सामने आई जानकारी के अनुसार इससे प्रत्येक राज्य में लगभग 50 प्रतिशत सीटें बढ़ेंगी, जो समय की जरूरत है। महिला आरक्षण का एक-तिहाई प्रावधान पहले ही पारित हो चुका है, और सीटों की संख्या बढ़ने पर महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें भी उसी अनुपात में बढ़ेंगी। जदयू ने इस कदम का स्वागत किया है।

बिहार का उदाहरण देते हुए जदयू नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश में पहली बार बिहार की पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया था। उनका मानना था कि एक-तिहाई आरक्षण न्यूनतम गारंटी है। नीतीश कुमार के आने से पहले बिहार में महिलाओं के लिए ऐसा आरक्षण नहीं था। पिछले चार-पांच पंचायत चुनावों में लाखों महिलाएं चुनाव जीतकर आई हैं, और आज मुखिया तथा जिला परिषद सदस्य के रूप में काम कर रहीं महिलाएं भविष्य में विधानसभा और लोकसभा में भी नेतृत्व करेंगी।

संजय झा ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार ने सभी दलों के लिए महिला नेतृत्व की बड़ी खेप तैयार की है। पार्टी और उसके नेता हमेशा महिला आरक्षण के प्रबल समर्थक रहे हैं। विपक्ष के विरोध पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले ठोस तर्क भी नहीं दे रहे हैं। उनके मुताबिक, आज एक सांसद का क्षेत्र इतना बड़ा हो गया है कि जनप्रतिनिधियों के लिए पांच वर्षों में हर गांव और पंचायत तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। परिसीमन का मूल उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों को व्यवस्थित करना है, ताकि जनप्रतिनिधि जनता के लिए अधिक सुलभ हों और उनकी समस्याएं सुन सकें। उन्होंने कहा कि सामान्य महिलाएं भी राजनीति में आना चाहती हैं और महिला आरक्षण से उनके लिए रास्ते खुलेंगे। महिलाएं अब बेहद जागरूक हैं और बिहार में अपनी स्वतंत्र सोच से मतदान करती हैं।