दक्षिणी चीन के शेनझेन में एपीईसी शिखर सम्मेलन में बुधवार को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भाषण दिए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहुंचने से पहले हुए इन भाषणों में चिनफिंग ने व्यापार संरक्षणवाद के खिलाफ खड़े होने का संकल्प जताया, जबकि पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर लगाए गए पश्चिमी प्रतिबंधों की आलोचना की।
चिनफिंग ने उद्घाटन भाषण में मुक्त और खुले व्यापार का समर्थन करने पर जोर दिया और वैश्विक मंच पर चीन को स्थिर साझेदार के रूप में पेश करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि विश्व व्यापार संगठन को केंद्र में रखते हुए नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली को मजबूती से कायम रखना चाहिए। चिनफिंग की यह टिप्पणी अमेरिका द्वारा एडवांस्ड एआई चिप पर चीन की पहुंच पर और प्रतिबंध लगाने की घोषणा के बाद आई है। रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया जैसी कंपनियों की चिप पर ये पाबंदियां चीन के साथ नाजुक व्यापारिक संघर्षविराम को और जटिल बना सकती हैं। चीन ने जवाबी कार्रवाई का संकल्प जताया है। चिनफिंग ने कहा कि चीन अपने औद्योगिक क्षेत्र और नई तकनीकों में निवेश जारी रखेगा, शुल्क घटाएगा और बाजारों को और खोलेगा, लेकिन संरक्षणवाद व एकपक्षवाद के खिलाफ खड़ा रहेगा।
चिनफिंग के बाद भाषण देते हुए पुतिन ने कहा कि यूरोप अपमानजनक पतन की ओर बढ़ रहा है और यूक्रेन पर हमले के बाद लगाए गए रूस-विरोधी प्रतिबंध उलटा असर डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध, शुल्क और निर्यात पर पाबंदियां विकास को रोकने और प्रतिस्पर्धियों की अर्थव्यवस्थाओं को कुचलने में सक्षम नहीं हैं। पुतिन ने दुनिया को उथल-पुथल भरा बताया, लेकिन कहा कि मतभेदों को मेज पर बैठकर सुलझाया जा सकता है। इसलिए उन्हें आगामी त्रिपक्षीय बैठक से बड़े संभावित लाभ की उम्मीद है।
एक अमेरिकी अधिकारी ने पुष्टि की है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप गुरुवार को चीन में पुतिन से अलग से मिलने की योजना बना रहे हैं। यह बैठक त्रिपक्षीय बैठक से इतर होगी। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में अलास्का में हुई मुलाकात के बाद पुतिन और ट्रंप के बीच यह पहली बैठक होगी, जबकि अलास्का की बातचीत रूस-यूक्रेन युद्ध में कोई समझौता कराने में नाकाम रही थी। सम्मेलन में आस्ट्रेलिया, कनाडा, दक्षिण कोरिया और अन्य देशों के नेताओं का स्वागत नर्तकों और राइफलें उठाए सैनिकों ने किया, लेकिन जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के चीन पहुंचने पर कोई स्वागत समारोह नहीं हुआ। उनकी यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब बीजिंग और टोक्यो के बीच तनाव है, जिसकी शुरुआत एक वर्ष पहले हुई थी, जब ताकाइची ने कहा था कि अगर ताइवान पर चीन की कार्रवाई से जापान के क्षेत्र को भी खतरा हुआ, तो जापान अपनी सेना तैनात कर सकता है।
