ऑस्ट्रेलिया के क्रिसमस आइलैंड पर करोड़ों लाल केकड़ों ने अपना सालाना प्रवास शुरू कर दिया है। 'पार्क्स ऑस्ट्रेलिया' के अनुसार, द्वीप पर भारी बारिश शुरू होने के साथ ही ये केकड़े जंगलों से समुद्र की ओर निकल पड़ते हैं। बीबीसी न्यूज की खबर के मुताबिक, प्रवास से कई महीने पहले 'पार्क्स ऑस्ट्रेलिया' द्वीप को इस माइग्रेशन के लिए तैयार करता है। इसके तहत अंडरपास की सफाई की जाती है, केकड़ों के लिए पुल बनाए जाते हैं, सड़कों के किनारे कई किलोमीटर तक बैरियर लगाए जाते हैं और प्रवास से जुड़े खास सड़क साइन लगाए जाते हैं।

लाल केकड़े हर साल प्रजनन के लिए समुद्र तट की ओर प्रवास करते हैं। 'पार्क्स ऑस्ट्रेलिया' के अनुसार, केकड़ों का यह सामूहिक प्रवास लूनर साइकिल यानी चंद्रमा के चक्र से जुड़ा होता है। ये केकड़े चंद्रमा के अंतिम चरण (लास्ट क्वार्टर) के दौरान समुद्र में ज्वार के उतरने के समय भोर होने से पहले अंडे देते हैं।

इस प्रवास की देखरेख और निगरानी 'पार्क्स ऑस्ट्रेलिया' करता है। हर साल भारी बारिश के बाद शुरू होने वाला यह सामूहिक प्रवास क्रिसमस आइलैंड पर एक बड़े प्राकृतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जाता है।