संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DWC) का विस्तार किया जा रहा है, जिसे पूरा होने पर दुनिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बताया जा रहा है। फिलहाल सऊदी अरब के दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KFIA) को दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट माना जाता है, जिसका कुल क्षेत्रफल लगभग 776 से 780 वर्ग किलोमीटर है। इसमें से करीब 43 वर्ग किलोमीटर हिस्से का ही टर्मिनल, रनवे और ऑपरेशनल सुविधाओं के लिए इस्तेमाल हो रहा है, जबकि बाकी जमीन बफर और भविष्य के विस्तार के लिए रखी गई है।

अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहले से तैयार और चालू है, लेकिन अभी इसका विस्तार किया जा रहा है। विस्तार पूरा होने पर इसका कुल क्षेत्रफल 70 वर्ग किलोमीटर होगा, जो किंग फहद एयरपोर्ट के 43 वर्ग किलोमीटर से अधिक है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साइट पर 1,00,000 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट को अप्रैल 2024 में दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मंजूरी दी थी।

पूरा होने के बाद यह एयरपोर्ट हर साल 26 करोड़ यात्रियों और 1.2 करोड़ टन कार्गो को संभालने में सक्षम होगा। इस पर लगभग 35 बिलियन डॉलर (128 बिलियन दिरहम या करीब 2.9 लाख करोड़ रुपये) खर्च किए जा रहे हैं। यह मौजूदा दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) से आकार में लगभग पांच गुना बड़ा होगा। इसमें 5 समानांतर रनवे और 400 एयरक्राफ्ट गेट्स बनाए जाएंगे, तथा चेक-इन, सामान की हैंडलिंग और भीड़ प्रबंधन के लिए एआई आधारित स्मार्ट सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा।

Dubai Aviation Engineering Projects के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का पहला चरण साल 2032 तक खुलने की उम्मीद है। आने वाले वर्षों में मौजूदा दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभी ऑपरेशंस धीरे-धीरे यहां ट्रांसफर कर दिए जाएंगे, जिसके बाद अमीरात और फ्लाईदुबई जैसी एयरलाइंस का मुख्य केंद्र यही नया एयरपोर्ट होगा। नए डिजाइन का काम ऑस्ट्रियाई आर्किटेक्चर फर्म कूप हिममेलब और लेबनान की कंसल्टेंसी फर्म दर अल-हंदासाह मिलकर कर रहे हैं। वेस्ट टर्मिनल का निर्माण चाइना सिविल इंजीनियरिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन और ट्रिस्टार इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन के जॉइंट वेंचर को दिया गया है, जबकि ऑटोमेटेड पीपल मूवर सिस्टम के लिए भारत की L&T और जापान की Mitsubishi Heavy Industries का कंसोर्टियम काम कर रहा है।