अभिनेता अर्जुन सरजा ने अपनी बड़ी बेटी ऐश्वर्या सरजा को लेकर फैल रही खबरों और आरोपों पर गुरुवार को आधिकारिक बयान जारी किया है। ऐश्वर्या और उनके पति उमापति रमैया के बीच अनबन की खबरें पिछले कुछ समय से सामने आ रही थीं। इन्हीं खबरों के बीच ऐश्वर्या को 'शराबी' बताए जाने के दावों पर अर्जुन सरजा ने पलटवार किया है। उन्होंने ऐसे आरोपों को गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक बताया है।
अर्जुन सरजा ने कहा कि पब्लिक स्क्रूटनी के नाम पर किसी को भी मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने या किसी को बदनाम करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना किसी आधार के एक महिला को शराबी कहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवार ने शुरुआत में चुप रहना उचित समझा, लेकिन चुप्पी को स्वीकृति नहीं समझा जाना चाहिए। इसलिए संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर उचित कदम उठाए गए हैं।
सरजा ने कहा कि यह मामला सिर्फ उनकी बेटी का नहीं, बल्कि हर उस महिला के सम्मान का है जिसकी गरिमा पर सवाल उठाए जाते हैं और जिसकी व्यक्तिगत पसंद को सार्वजनिक फैसले का विषय बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को परिवार का समर्थन नहीं मिलता, उनके लिए ऐसे आरोप बेहद नुकसानदेह हो सकते हैं।
बता दें कि ऐश्वर्या और उमापति की शादी 10 जून, 2024 को चेन्नई में हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की पहली मुलाकात रियलिटी टेलीविजन शो 'सर्वाइवर' के दौरान हुई थी, जिसे अर्जुन सरजा होस्ट कर रहे थे। मामले में तूल तब बढ़ा जब खबरें आईं कि उमापति ऐश्वर्या की छोटी बहन अंजना की शादी में नहीं आए।
