बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर की ओर से दी गई है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी वाकई अख्तर ने भेजी है या कोई और उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि धमकी जीशान ने ही दी है।

एक अधिकारी के मुताबिक इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। उस मामले में पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय आईआईटी ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जिसने कथित तौर पर धमकियां देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया था। अधिकारी ने बताया कि मिश्रा का किसी भी गिरोह से कोई संबंध नहीं है।