अमरोहा के गजरौला में तिगरी गंगा मेला इन दिनों श्रद्धा और उल्लास का केंद्र बना हुआ है। श्रद्धालु गंगा मैया के जयकारों के बीच घाटों की ओर बढ़ रहे हैं और पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमा रहे हैं। मेले में भक्ति के साथ-साथ पारिवारिक मेल-मिलाप और मनोरंजन का माहौल भी देखने को मिल रहा है।

गंगा तट पर तंबुओं का शहर बस गया है, जहां सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो जाती है। कहीं खिचड़ी की खुशबू फैल रही है तो कहीं घर से लाए मावे के लड्डू और तरह-तरह के पकवानों से मेहमाननवाजी हो रही है। नाश्ते के बाद श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों का रुख करते हैं और दोपहर तक अपने तंबुओं में लौट आते हैं।

इस दौरान महिलाएं भोजन तैयार करने में जुटी रहती हैं, जबकि युवाओं की टोलियां मेले में घूमने-फिरने और मौज-मस्ती करती नजर आती हैं। बच्चे खेलकूद में व्यस्त रहते हैं और परिवार के साथ आए लोग गंगा किनारे बैठकर मेले की यादें संजोते हैं। कोई मेले में खरीदारी कर रहा है तो कोई परिवार के साथ खाने-पीने का आनंद ले रहा है।

मेले में एक ओर श्रद्धालु गंगा की पवित्र धारा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मेले की रौनक और अपनों का साथ उनके उत्साह को दोगुना कर रहा है। मुख्य स्नान पर्व तक मेले में भक्ति और उल्लास का यही माहौल बने रहने की उम्मीद है।