केरल हाईकोर्ट ने मंगलवार को 2017 के अभिनेत्री यौन उत्पीड़न मामले से जुड़ी एक याचिका खारिज कर दी। यह याचिका अभियोजन पक्ष की टीम में शामिल वकील टीबी मिनी ने दायर की थी। उन्होंने मामले की सुनवाई कर रही जज हनी एम वर्गीज के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई का आग्रह किया था और जज की कथित टिप्पणियों को अदालती दस्तावेजों से हटाने का अनुरोध भी किया था। वकील का आरोप था कि सुनवाई के दौरान जज ने उनके व्यवहार को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की थीं।
जस्टिस पीवी कुन्हीकृष्णन ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि जज ने वकील के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी की थी, इसका कोई सबूत नहीं है। याचिकाकर्ता के आरोप सुनी-सुनाई बातों और मीडिया की रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। अदालत ने कहा कि वह किसी न्यायिक अधिकारी के खिलाफ सुनी-सुनाई बातों के आधार पर अवमानना की कार्रवाई शुरू नहीं कर सकती। याचिकाकर्ता का दावा है कि न्यायिक अधिकारी ने खुली अदालत में कोई बयान दिया था, लेकिन वह बयान आधिकारिक दस्तावेज में दर्ज नहीं है।
हाईकोर्ट ने कहा कि जज अपने फैसलों के जरिये बोलते हैं। अदालत में जज और वकील के बीच बातचीत कभी-कभी जरूरी होती है, जिससे मामले का फैसला करने में मदद मिलती है। अदालत ने कहा कि सुनवाई के दौरान जज की कुछ टिप्पणियां उसी समय और परिस्थिति में की जा सकती हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक करने से संबंधित व्यक्ति को शर्मिंदगी उठानी पड़ सकती है। अदालत ने कहा कि वकील सम्मान और उचित व्यवहार के हकदार हैं और दलीलें रखने के बाद उन्हें यह महसूस करते हुए अदालत से नहीं लौटना चाहिए कि उनका अपमान हुआ है।
हाईकोर्ट ने मीडिया को सलाह दी कि न्यायाधीशों और वकीलों की मौखिक टिप्पणियों को खबर नहीं बनाना चाहिए, खासकर तब जब इससे किसी पक्ष को नुकसान पहुंच सकता हो। अदालत ने कहा कि पत्रकारों को अपने अनुभव के आधार पर समझदारी दिखानी चाहिए और तय करना चाहिए कि किस बात को नजरअंदाज करना है और किसे प्रमुखता देनी है। अदालत ने वकीलों से भी कहा कि वे सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाओं से प्रभावित न हों और पूरी बात जाने बिना जजों को अवमानना का दोषी ठहराने की जल्दबाजी न करें। अदालत ने कहा कि अदालत के अंदर होने वाली बातचीत अदालत तक ही सीमित रहनी चाहिए।
गौरतलब है कि सत्र न्यायालय ने पिछले साल 12 दिसंबर को छह लोगों को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 20 साल की जेल की सजा सुनाई थी, जबकि अभिनेता दिलीप और तीन अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था। यह मामला 17 फरवरी 2017 का है, जब एक बहुभाषी अभिनेत्री त्रिशूर से कोच्चि जा रही थीं और रास्ते में चलती गाड़ी के अंदर उनका अपहरण कर उनका यौन उत्पीड़न किया गया था।